लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल के नए सीजन में मैनचेस्टर सिटी ने धमाकेदार जीत के साथ शुरुआत की, जबकि लिवरपूल को ड्रा से संतोष करना पड़ा। रविवार रात खेले गए मुकाबले में मैनचेस्टर सिटी ने बोर्नमाउथ को २–१ से हरा दिया। अपने घरेलू मैदान इतिहाद स्टेडियम में ६६ प्रतिशत बॉल पसेशन रखने के बावजूद सिटी लंबे समय तक पीछे चल रही थी। मार्कस तवेरनियर ने २६वें मिनट में गोल कर बोर्नमाउथ को बढ़त दिलाई थी। लेकिन ८४वें मिनट में मार्क गुएही ने १–१ की बराबरी कराई और फिर इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में जोस्को ग्वार्डियोल ने गोल दागकर मैनचेस्टर सिटी को एक रोमांचक जीत दिला दी।
उधर, लिवरपूल को न्यूकैसल यूनाइटेड ने २–२ की बराबरी पर रोक दिया। न्यूकैसल के घरेलू मैदान सेंट जेम्स पार्क में एंथोनी एलांगा ने ५वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को आगे कर दिया था। दूसरे हाफ में कोडी गाक्पो ने ५५वें मिनट में गोल कर लिवरपूल को बराबरी पर लाया, लेकिन जो विलोक ने ५७वें मिनट में गोल करके न्यूकैसल को फिर २–१ की बढ़त दिला दी। लगभग हार की कगार पर खड़ी लिवरपूल के लिए इंजरी टाइम के ९वें मिनट में डोमिनिक स्बोजलाई ने पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम की हार बचा ली। प्रीमियर लीग के एक अन्य मैच में ब्राइटन ने एस्टन विला को ४–० से हरा दिया, जिसमें विजेता टीम के जैक हिनशेलवुड ने ३०वें और ३१वें मिनट में लगातार दो गोल दागे।









