हरारे: भारत ने पहले टी२० अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मेजबान जिम्बाब्वे को ७ विकेट से हराकर ३ मैचों की सीरीज में १-० की बढ़त हासिल कर ली। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में गुरुवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने खराब शुरुआत के बाद २० ओवर में ७ विकेट खोकर १२५ रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने १२६ रन का लक्ष्य १३.२ ओवर में ही महज ३ विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
भारत की इस एकतरफा जीत में ओपनर वैभव सूर्यवंशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए १९ गेंदों में ५० रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में ४ छक्के और ४ चौके लगाए। अभिषेक शर्मा के केवल १ रन बनाकर तीसरे ओवर में आउट होने पर टीम का स्कोर महज २३ रन था। वहां से वैभव ने ईशान किशन के साथ मिलकर स्कोर को ६८ रन तक पहुंचाया। अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद वैभव आउट हो गए।
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने किशन और तिलक वर्मा के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। किशन ने २४ गेंदों में २ छक्कों और ३ चौकों की मदद से ३५ रन बनाए। वहीं श्रेयस २८ और तिलक वर्मा ६ रन बनाकर नाबाद रहे। श्रेयस ने अपनी पारी में ३ चौके लगाए। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों में ब्लेसिंग मुजरबानी ने २ विकेट हासिल किए।
इससे पहले मैच में बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने केवल ६४ रन पर अपने ५ विकेट गंवा दिए। भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव और प्रिंस यादव ने मिलकर जिम्बाब्वे के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। अंत में निचले क्रम के बल्लेबाजों ने जुझारू प्रयास करते हुए जिम्बाब्वे को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए वेस्ली माधेवेरे ने सर्वाधिक ३९ रन बनाए। इसके अलावा तादिवानाशे मारुमानी ने २७ और रयान बर्ल ने २६ रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे मयंक यादव और प्रिंस यादव ने २-२ विकेट लिए, जबकि शिवम दुबे और रवि बिश्नोई के खाते में १-१ विकेट आया।











