मुख्यमंत्री का जताया आभार
सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा प्रणाली की रीढ़ माने जाने वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक पारिश्रमिक में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह नया नियम आगामी १ अगस्त २०२६ से प्रभावी होगा।
सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले से पूरे राज्य के फ्रंटलाइन वर्कर्स में खुशी की लहर दौड़ गई है।
वर्तमान में पूरे पश्चिम बंगाल में दो लाख से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कार्यरत हैं, जिन्हें अब तक मात्र ९,००० रुपये प्रति माह पारिश्रमिक मिलता था, लेकिन अब उनका पारिश्रमिक बढ़कर १४,००० रुपये प्रति माह हो जाएगा। इसी तरह, अब तक केवल ६,५०० रुपये पारिश्रमिक पाने वाली आंगनवाड़ी सहायिकाओं को अब ११,८०० रुपये प्रति माह मिलेंगे। राज्य की लगभग ६५ हजार आशा कार्यकर्ताओं के पारिश्रमिक में भी सम्मानजनक वृद्धि की गई है, जिन्हें अब प्रति माह ११,२५० रुपये का बढ़ा हुआ पारिश्रमिक मिलेगा।
लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार सरकार ने इन कर्मयोगियों की मांग को पूरा किया है। इस कल्याणकारी निर्णय के लिए सभी आईसीडीएस, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कर्मियों की ओर से माननीय मुख्यमंत्री श्री शुभेन्दु अधिकारी जी और पश्चिम बंगाल सरकार के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया गया है। संबद्ध संगठनों का कहना है कि विपरीत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी माताओं, बच्चों और ग्रामीण परिवारों की सेवा करने वाले इन जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और पारिश्रमिक को आज सही मायने में न्याय मिला है। इस फैसले से अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और समावेशी विकास के इस कदम के लिए मुख्यमंत्री की चौतरफा सराहना की जा रही है।










