काेलकाता: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद पहली बार सोमवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के कैबिनेट (मंत्रिपरिषद) का बड़ा विस्तार हुआ है। लोकभवन में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान ३५ (पैंतीस) नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही राज्य की भाजपा सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या ४१ (इकतालीस) पहुंच गई है।
वन्दे मातरम् और राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुए इस समारोह में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी खुद उपस्थित थे, जबकि मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने नए मंत्रियों के नामों की घोषणा की। समारोह में तापस राय, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, दीपक बर्मन, शारद्वत मुखोपाध्याय, अरूप कुमार दास, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, डा. शंकर घोष और दूधकुमार मंडल ने पूर्ण मंत्री (कैबिनेट मंत्री) के रूप में शपथ ली है। इसी तरह मालती रावा राय, राजेश महतो और इंद्रनील खां को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में अशोक डिंडा, कौशिक चौधरी, जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, शांतनु प्रमाणिक, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, नादिया चंद बाउरी, गार्गी दास घोष, अमिय किस्कू, कलिता माझी, बिराज विश्वास, सुमना सरकार, आनंदमय बर्मन, विशाल लामा और दीपांकर जाना आदि शामिल हैं।
किस मंत्री को कौन सा मंत्रालय या विभाग सौंपा जाएगा, इस बारे में अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सभी मंत्री सीधे ‘नवान्न’ यानी राज्य सचिवालय जाएंगे, जहां मंत्रिपरिषद की बैठक होगी और माना जा रहा है कि इसी बैठक में मुख्यमंत्री अधिकारी विभागों का बंटवारा कर सकते हैं। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और मंत्री अग्निमित्रा पॉल भी उपस्थित थे। इससे पहले बीते ९ (नौ) मई को सुवेंदु अधिकारी ने ५ (पाँच) मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।










