पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना का मार्ग प्रशस्त

orig_ayushmanbharat-1575108543_1615408208

दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुअर्स के चाय बागान श्रमिकों को मिलेगा ₹५ लाख तक का मुफ्त उपचार

​दार्जिलिंग/सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल की जनता, विशेषकर दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र, तराई एवं डुअर्स के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आज एक युगांतरकारी अध्याय की शुरुआत हुई है। लंबे समय के व्यवधान और प्रतीक्षा के उपरांत केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ को पश्चिम बंगाल में सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है। स्थानीय लोकसभा सांसद ने इस लोक-कल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नेतृत्व का आभार जताया है।
​इस ऐतिहासिक योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को गंभीर बीमारियों, शल्यक्रिया (ऑपरेशन) और क्रिटिकल केयर के लिए प्रतिवर्ष ५ लाख रुपये तक के कैशलेस (नगदरहित) और मुफ्त उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी।
​राजनीतिक संकीर्णता और जनता के प्रति हुए अन्याय पर चिंता
सांसद ने विगत वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के बारम्बार अनुरोध के बावजूद तत्कालीन टीएमसी सरकार ने राजनीतिक संकीर्णता और हठधर्मिता के कारण इस जीवनरक्षक योजना को राज्य में लागू नहीं होने दिया था। इस राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल, विशेष रूप से हमारे दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुअर्स के करोड़ों निर्धन परिवार निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं से वंचित रहे, जो बंगाल की जनता के साथ एक गंभीर अन्याय था।

​श्रमिकों और मध्यम वर्ग के लिए वरदान सिद्ध होगी योजना
अब इस योजना के धरातल पर उतरने से बंगाल के लाखों परिवारों को चिकित्सा के लिए अपनी भूमि, संपत्ति या आभूषण बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा और वे कर्ज के जाल से सुरक्षित रहेंगे। यह योजना मुख्य रूप से चाय बागान श्रमिकों, सिंकोना बागान श्रमिकों, कृषकों, दिहाड़ी मजदूरों और पहाड़ तथा मैदान के मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
​यह कदम ‘सभी के लिए स्वास्थ्य’ सुनिश्चित करने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक ऐतिहासिक छलांग है। सांसद ने इस जन-कल्याणकारी विजन को राज्य में धरातल पर उतारने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा जी और माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी जी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता और धन्यवाद प्रकट किया है।

About Author

Advertisement