कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को अपनी महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा योजना’ की औपचारिक शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय से वर्चुअल माध्यम के जरिए इस योजना का भव्य शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत राज्य की पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने ३,००० रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। सरकार का दावा है कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।
’लक्ष्मी भंडार’ की जगह लेगी नई योजना
‘अन्नपूर्णा योजना’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी घोषणापत्र का एक प्रमुख वादा रही है। इस योजना के लागू होने के साथ ही पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना बंद हो जाएगी। पूर्ववर्ती योजना में महिलाओं को अधिकतम १,५०० रुपये प्रतिमाह मिलते थे, जिसे नई सरकार ने अब सीधे दोगुना यानी ३,००० रुपये कर दिया है।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े लाखों लाभार्थी
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार, योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को राज्यभर के ब्लॉक और नगरपालिकाओं से ऑनलाइन जोड़ा गया था। इसके लिए जिला प्रशासनों द्वारा विशेष तैयारी की गई थी, जहां लाभार्थियों ने निर्धारित केंद्रों पर एकत्रित होकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
राज्य सचिवालय के अनुसार, इस योजना से बंगाल की लाखों महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।









