सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संचालित ‘टूरिस्ट हेल्पलाइन’ को और अधिक पेशेवर तथा प्रभावी ढंग से चलाने की प्रतिबद्धता जताई है। सोशल मीडिया के माध्यम से जारी एक आधिकारिक बयान में सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस ने इस हेल्पलाइन पर जताए गए भरोसे और प्रोत्साहन के लिए जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
पश्चिम बंगाल सरकार के संसदीय कार्य एवं पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक डॉ. शंकर घोष द्वारा पुलिस के इस प्रयास की सराहना किए जाने और प्रोत्साहन देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया है। बयान में कहा गया है कि पर्यटकों को त्वरित सहायता और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
पर्यटन के प्रवेश द्वार माने जाने वाले सिलीगुड़ी क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष हेल्पलाइन सेवा संचालित की जा रही है। पुलिस के इस कदम से सिलीगुड़ी आने वाले पर्यटकों को एक सुरक्षित और सहज अनुभव मिलने की उम्मीद है।









