पंजाब चुनाव का समीकरण बदला: अकाली दल से गठबंधन कर भाजपा ने मानीसुखबीर बादल की दो शर्तें

IMG_74dc28f3-1784-4120-869f-210248f2b3c7

​चंडीगढ़: २०२७ पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच ६ साल बाद फिर से चुनावी गठबंधन हो गया है। गुरुपूरब के अवसर पर नई दिल्ली में अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात में इस समझौते पर अंतिम मुहर लगी।
​साल २०२० में किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने भाजपा के साथ २५ साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। अब करीब १० साल बाद सत्ता में वापसी की उम्मीद के साथ अकाली दल ने एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापसी की है। इस चुनावी समझौते के तहत भाजपा ने पंजाब में अकाली दल की ‘बड़े भाई’ की भूमिका स्वीकार करते हुए सुखबीर बादल की दो प्रमुख शर्तें मान ली हैं। पहला, सीट बंटवारे में अकाली दल को ज्यादा सीटें मिलेंगी और दूसरा, गठबंधन को बहुमत मिलने पर मुख्यमंत्री पद भी अकाली दल के खाते में ही जाएगा।
​केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट किया है कि गठबंधन की ओर से अकाली दल का ही नेता मुख्यमंत्री होगा। राज्य की सभी ११७ विधानसभा सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के नेता आपसी बैठक कर फैसला लेंगे। साल २०१७ तक अकाली दल ९४ और भाजपा २३ सीटों पर चुनाव लड़ती रही है, लेकिन नए समीकरण में ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की सीटों और हिस्सेदारी बढ़ने के संकेत हैं।
​पिछले चुनावों में अलग-अलग मैदान में उतरने के कारण दोनों दलों को नुकसान उठाना पड़ा था। २०२२ के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की लहर के सामने अकाली दल को १८.३८ प्रतिशत और भाजपा को महज ६.६ प्रतिशत वोट मिले थे। हालांकि, २०२४ के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपना वोट प्रतिशत बढ़ाकर १८.५६ प्रतिशत कर लिया था, जबकि अकाली दल १३.४२ प्रतिशत वोट पर सिमट गया था।
​वर्तमान में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी मुफ्त बिजली और ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ जैसी लोकलुभावन योजनाओं के सहारे मैदान में है, वहीं कांग्रेस भी संगठन स्तर पर मजबूत तैयारी कर रही है। आप ने अब तक ७१ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और २६ नवंबर को मोगा में रैली कर प्रचार अभियान शुरू करने जा रही है। ऐसे में भाजपा-अकाली दल गठबंधन ने पंजाब की चुनावी लड़ाई को बेहद रोचक और त्रिकोणीय बना दिया है।
​इस गठबंधन को सिरे चढ़ाने में पर्दे के पीछे से कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की अहम भूमिका रही है।

About Author

Advertisement