पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद हार्दिक पांड्या ने सोशल मीडिया पर पहली बार दी प्रतिक्रिया

IMG-20261112-WA0057

नई दिल्ली: हार्दिक पांड्या ने पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है। हार्दिक अब मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर आईपीएल २०२७ में पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे। मुंबई ने हार्दिक के बदले अर्शदीप सिंह को पंजाब के साथ ट्रेड किया है। बुधवार को इस हाई प्रोफाइल डील की आधिकारिक घोषणा की गई। अब हार्दिक के पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि क्या फ्रेंचाइजी अपने कप्तान को बदलेगी? इस बीच हार्दिक ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कप्तानी को लेकर संकेत दिए हैं।
हार्दिक १८ करोड़ रुपये की कीमत पर पंजाब किंग्स में शामिल हुए हैं। वहीं, अर्शदीप पंजाब से मुंबई इंडियंस में शामिल हुए हैं। आईपीएल की ओर से जारी बयान में पुष्टि की गई है कि हार्दिक अपनी मौजूदा फीस १६.३५ करोड़ रुपये से अधिक की राशि पर मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में गए हैं। वहीं, अर्शदीप अपनी मौजूदा १८ करोड़ रुपये की कीमत पर मुंबई में शामिल हुए हैं।
इस तरह मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है। हार्दिक पहली बार २०१५ में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। उन्होंने टीम को २०१५, २०१७, २०१९ और २०२० में चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद हार्दिक २०२४ में गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में वापस लौटे और रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी संभाली। हालांकि, उनके दूसरे कार्यकाल में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
कुल मिलाकर हार्दिक ने आईपीएल में १६२ मैच खेलकर १४६.२८ के स्ट्राइक रेट से २९५५ रन बनाए हैं और ८२ विकेट भी हासिल किए हैं।
वहीं, अर्शदीप पंजाब किंग्स के साथ ८ सीजन बिताने के बाद मुंबई इंडियंस में शामिल हुए हैं। इस तेज गेंदबाज ने २०१९ में पंजाब की ओर से आईपीएल में पदार्पण किया था। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल में ९६ मैच खेलकर १११ विकेट हासिल किए हैं। यह पंजाब किंग्स की ओर से किसी गेंदबाज द्वारा लिए गए सर्वाधिक विकेटों का रिकॉर्ड है।
पंजाब में शामिल होने के बाद हार्दिक की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने टीम में अपनी भूमिका भी स्पष्ट कर दी है। सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में हार्दिक ने श्रेयस अय्यर को अपना कप्तान, रिकी पोंटिंग को अपना कोच और पंजाब किंग्स को अपना परिवार बताया है।
हार्दिक ने लिखा, “सत श्री अकाल। मेरे कप्तान श्रेयस, मेरे कोच पोंटिंग और पूरे पंजाब परिवार, मैं हमेशा आपके साथ खड़ा रहूंगा।”
उल्लेखनीय है कि हार्दिक ने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटंस को आईपीएल चैंपियन बनाया था। इसके अलावा मुंबई इंडियंस के साथ अपने दूसरे कार्यकाल में भी उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। फिलहाल पंजाब किंग्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं। ऐसे में हार्दिक के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यह स्पष्ट होता दिख रहा है कि पंजाब किंग्स की कप्तानी में बदलाव की संभावना काफी कम है।

About Author

Advertisement