न्यूयॉर्क: दुनिया के प्रमुख एयरपोर्ट्स में से एक ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार लैंडिंग के बाद एयर कनाडा एक्सप्रेस का विमान टैक्सी करते समय एक फायर ट्रक से टकरा गया।
टक्कर के बाद विमान के अगले हिस्से को गंभीर नुकसान हुआ और एयरपोर्ट पर तुरंत संचालन रोक दिया गया। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने सभी उड़ानों के लिए अस्थायी “ग्राउंड स्टॉप” जारी किया।
बताया जा रहा है कि विमान में ७२ यात्री और ४ क्रू सदस्य सवार थे। कुछ रिपोर्ट्स में पायलट और को-पायलट के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो में एटीसी अधिकारियों को “रुको, रुको, रुको!” कहते सुना गया, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
एयर कनाडा की ओर से कहा गया है कि घटना की जांच जारी है और सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं।









