स्पेनिश ला लीगा: बार्सिलोना और रियल मैड्रिड की रोमांचक जीत

IMG-20260323-WA0069

बार्सिलोना: स्पेनिश ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता में बहुप्रतीक्षित मैड्रिड डर्बी में रियल मैड्रिड ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि बार्सिलोना ने भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।
रविवार रात खेले गए मुकाबले में रियल मैड्रिड ने एटलेटिको मैड्रिड को ३-२ से हराया। अपने घरेलू मैदान सैंटियागो बर्नब्यू में ५९ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली टीम के लिए विनीसियस जूनियर ने 52वें और ७२वें मिनट में दो गोल किए। वहीं फेडेरिको वाल्वेर्दे ने ५५वें मिनट में एक गोल किया। हालांकि ७७वें मिनट में वाल्वेर्दे को खतरनाक फाउल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया, लेकिन इससे मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा।
एटलेटिको मैड्रिड की ओर से एडेमोला लुकमान ने ३३वें और नाहुएल मोलिना ने ६६वें मिनट में गोल किए।
इस जीत के साथ रियल मैड्रिड २९ मैचों में ६९ अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि एटलेटिको मैड्रिड ५७ अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
वहीं गत चैंपियन बार्सिलोना ने रायो वायेकेनो को १-० से हराया। कैंप नोउ में खेले गए इस मुकाबले में ६१ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली बार्सिलोना के लिए रोनाल्ड अराउजो ने २४वें मिनट में निर्णायक गोल किया। इस जीत के साथ बार्सिलोना २९ मैचों में ७३ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है और रियल मैड्रिड से 4 अंक आगे है।
एक अन्य मुकाबले में एथलेटिक क्लब ने रियल बेटिस को २-१ से हराया। विजेता टीम की ओर से डानी विवियन ने २५वें और ओइहान सानसेट ने ४५वें मिनट में गोल किए, जबकि रियल बेटिस के लिए पाब्लो फोर्नाल्स ने ७५वें मिनट में गोल किया। एथलेटिक क्लब ३८ अंकों के साथ नौवें और रियल बेटिस ४४ अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
एक अन्य मुकाबले में डेपोर्टिवो अलावेस ने सेल्टा विगो को ४-३ से हराया।

About Author

Advertisement