न्यूजीलैंड क्रिकेट ने जारी की केंद्रीय अनुबंध सूची

IMG-20260617-WA0071

वेलिंगटन: न्यूजीलैंड क्रिकेट ने २०२६-२७ सीजन के लिए पुरुष खिलाड़ियों की केंद्रीय अनुबंध (सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट) सूची की घोषणा की है। इस २० सदस्यीय सूची में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर की वापसी हुई है, जबकि आदित्य अशोक और मोहम्मद अब्बास को बाहर कर दिया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
​डेवोन कॉनवे पिछले २ साल से कैजुअल प्लेइंग एग्रीमेंट के तहत टीम का हिस्सा थे, लेकिन इस बार उन्हें फिर से केंद्रीय अनुबंध सूची में शामिल किया गया है। अगले १२ महीनों में न्यूजीलैंड को काफी टेस्ट क्रिकेट खेलना है, इसलिए कॉनवे की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहेगी। कॉनवे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों को मिलाकर १४६ मैचों में ६००० से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने आगामी अनुबंध अवधि (१ अगस्त २०२६ से ३१ जुलाई २०२७) के दौरान सभी अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए खुद को उपलब्ध रखा है।
​इसी तरह, घरेलू और राष्ट्रीय टीम के लिए लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को फिर से केंद्रीय अनुबंध सूची में जगह मिली है। वहीं, पिछले साल पहली बार केंद्रीय अनुबंध पाने वाले जैक फॉक्स और मिशेल हे ने अपना स्थान बरकरार रखा है। इन दोनों ने पिछले १२ महीनों में तीनों प्रारूपों में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया है।
​हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पूर्व कप्तान केन विलियमसन इस सूची में शामिल नहीं हैं। इसके अलावा, माइकल ब्रेसवेल और मार्क चैपमैन ने केवल सफेद गेंद (सीमित ओवरों) के विशेषज्ञ के रूप में केंद्रीय अनुबंध में जगह बनाई है।
​न्यूजीलैंड की २०२६-२७ केंद्रीय अनुबंध सूची इस प्रकार है:
​टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉक्स, मिशेल हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

About Author

Advertisement