नई दिल्ली: जर्मनी ने शानदार लय बरकरार रखते हुए यूएफए नेशन्स लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत हासिल की। इसी तरह ग्रीस और स्विट्जरलैंड ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
जर्मनी ने सोमवार रात खेले गए ग्रुप ए२ के मुकाबले में नीदरलैंड्स को ५-० से एकतरफा शिकस्त दी। घरेलू मैदान ओलंपियास्टेडियन में ५२ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली जर्मन टीम ने डच टीम को अधिक मौके नहीं दिए।
विजेता टीम की ओर से फ्लोरियन विर्ट्ज ने २ गोल किए। लिवरपूल के इस स्टार स्ट्राइकर ने ६०वें और ७१वें मिनट में गोल दागे। इसके अलावा डेरी शेरहांट ने ४१वें, निको श्लोटरबेक ने ६५वें और ब्राजान ग्रुडा ने ७७वें मिनट में गोल किए। नीदरलैंड्स ने मुकाबले में कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सका।
ग्रुप ए२ में जर्मनी और नीदरलैंड्स दोनों के ६-६ मुकाबलों के बाद ११-११ अंक हैं। अंक बराबर होने के बावजूद बेहतर गोल अंतर के आधार पर जर्मनी पहले और नीदरलैंड्स दूसरे स्थान पर है।
इस ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में ग्रीस ने सर्बिया को १-० से पराजित किया। अपने घरेलू मैदान पर ५६ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली ग्रीस की ओर से मुकाबले का एकमात्र गोल जियोर्गोस मसूरास ने ६९वें मिनट में किया। इस जीत के बाद ग्रीस ११ अंकों के साथ गोल अंतर के आधार पर तीसरे स्थान पर पहुंच गया। सर्बिया अब तक अपना अंक खाता नहीं खोल सका है।
इसी बीच, स्विट्जरलैंड ने ग्रुप बी१ के मुकाबले में स्कॉटलैंड को ४-० से हराया। घरेलू मैदान पर ५३ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली स्विस टीम की ओर से विंस्ले बोतेली ने ४७वें, एल्विन सांचेज ने ५१वें और जेकी एमडाउमी ने ८९वें मिनट में गोल किए। वहीं, एक गोल आत्मघाती रहा, जो लुईस फर्ग्यूसन ने २२वें मिनट में किया।
ग्रुप बी१ में स्विट्जरलैंड ६ मैचों में १६ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है। इस ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में स्लोवेनिया ने नॉर्थ मैसेडोनिया को ३-० से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से डेनिजेल स्टर्म ने २ गोल किए। ग्रुप में दूसरे स्थान पर मौजूद स्लोवेनिया के खाते में ११ अंक हैं।
ग्रुप सी४ में एस्टोनिया ने बुल्गारिया को २-१ से हराया। वहीं, आइसलैंड ने लक्जमबर्ग के खिलाफ ३-० से जीत दर्ज की। ग्रुप सी४ में आइसलैंड १४ अंकों के साथ पहले और एस्टोनिया १२ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
ग्रुप सी३ में कजाखस्तान और स्लोवाकिया के बीच खेला गया मुकाबला २-२ से ड्रॉ रहा। वहीं, फरो आइलैंड्स ने मोल्दोवा को १-० से पराजित किया। ग्रुप सी३ में स्लोवाकिया १२ अंकों के साथ पहले स्थान पर है।





