नेपाल के ‘अंबानी’ बिनोद चौधरी बने नेपाली कांग्रेस के उपाध्यक्ष, जानें कितनी संपत्ति के हैं मालिक, कभी थे कम्युनिस्ट नेता

0d76caeb-a599-456f-8604-2a3af72eb1ed

काठमांडू: नेपाल के एकमात्र अरबपति बिनोद चौधरी ने राजनीति में भी अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। वह नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन में पार्टी के उपाध्यक्षों में से एक निर्वाचित हुए हैं। उनके साथ मधु आचार्य और चंद्र भंडारी को भी उपाध्यक्ष चुना गया है। नेपाली बिनोद चौधरी फोर्ब्स पत्रिका की अरबपतियों की सूची में शामिल एकमात्र नेपाली हैं। नेपाली कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति के अनुसार, उन्हें समावेशी कोटे के तहत 1,745 वोट हासिल कर इस पद पर चुना गया। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जीवन परियार को 1,658 वोट मिले।
भारत समेत कई देशों में कारोबार
फोर्ब्स के अनुसार, चौधरी का एक लोकप्रिय नूडल्स ब्रांड कंपनी सहित दुनियाभर में हॉस्पिटैलिटी कारोबार में नियंत्रण है। उनके बिजनेस केवल नेपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत समेत कई दशों में उनकी कंपनियों की मजबूत पहचान है। इसमें नेपाल में एक बैंक और भारत की ताज होटल शृंखला से जुड़े कई लग्जरी होटल भी शामिल हैं। वे CG कॉर्प ग्लोबल ग्रुप में कंट्रोलिंग हिस्सेदारी रखते हैं, जिसका इतिहास करीब 140 साल पुराना है। उन्हें नेपाल का अंबानी कहा जाता है।
बिनोद चौधरी के पास कितनी संपत्ति?
फोर्ब्स के अनुसार, 2017 में उनकी कुल संपत्ति 1.3 अरब डॉलर थी, जो बढ़कर 2026 में 2.1 अरब डॉलर हो गई, हालांकि 2020 और 2021 में कोविड-19 महामारी के बीच इसमें गिरावट आई थी। हालांकि वे 5 मार्च के संसदीय चुनाव में अब सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के उम्मीदवार से हार गए थे, फिर भी कई अन्य विपक्षी नेताओं की तरह बिनोद चौधरी ने नेपाली कांग्रेस के भीतर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद चौधरी ने उनके लिए वोट करने वाले महाधिवेशन के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इससे पहले, उन्होंने कहा था कि वे देश के आर्थिक परिवर्तन का नेतृत्व करने में सक्षम पार्टी के रूप में नेपाली कांग्रेस को स्थापित करने के लिए इस पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे। इस पार्टी को नेपाल के लोकतांत्रिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का व्यापक श्रेय दिया जाता है।

About Author

Advertisement