नाइट क्लब की घटना की जांच शुरू, दूसरे टेस्ट की टीम से कार्स बाहर

IMG-20260825-WA0056

लंदन: पेस बॉलर ब्रायडन कार्स को डर्बी के एक नाइट क्लब में हुई कथित घटना के बाद पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड टीम से बाहर कर दिया गया है। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच २७ अगस्त से लॉर्ड्स में शुरू होगा। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने मामले को क्रिकेट रेगुलेटर के समक्ष भेजकर जांच शुरू कर दी है। दूसरे टेस्ट मैच के लिए कार्स के स्थान पर २३ वर्षीय पेस बॉलर सन्नी बेकर को इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है। यह फैसला हाल ही में हुई एक नाइट क्लब घटना के बाद लिया गया है। कुछ दिन पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कार्स को एक नाइट क्लब के बाहर पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके ले जाते हुए देखा गया है। उसके बाद ईसीबी ने मामले की जांच शुरू की है। वीडियो में कार्स को डरहम के साथी खिलाड़ी मैथ्यू पॉट्स से बातचीत करते देखा गया है। इस मामले में ईसीबी ने रविवार को कहा था, हमें उस घटना के बारे में जानकारी मिली है। घटना डर्बी में हुई है। हमने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस बारे में हम जल्द ही विस्तृत जानकारी देंगे। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को आसानी से पारी और १०३ रन से पराजित किया था। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब दूसरी बार इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बनने के बाद जो रूट ने खिलाड़ियों पर किसी भी प्रकार का कर्फ्यू लागू न करने का फैसला किया था। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाड़ियों पर देर रात बाहर घूमने-फिरने पर कर्फ्यू लागू रहता था। उल्लेखनीय है कि कार्स ने अपने टेस्ट करियर में १४ मैच खेलकर ५८ विकेट लिए हैं। इसी तरह बल्लेबाज के रूप में उन्होंने एक अर्धशतक के साथ ३५७ रन बनाए हैं। कार्स घरेलू मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ ३ में से २ टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे, लेकिन लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में वह अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके थे। उसके बाद उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में डरहम की ओर से खेलते हुए २ विकेट लेने के साथ कुल २६ रन बनाए थे। मैच में डरहम द्वारा डर्बीशायर को हराने के बाद कार्स अपने साथियों के साथ जीत का जश्न मनाने गए थे, तभी नाइट क्लब में यह घटना हुई।

About Author

Advertisement