धोनी चोटिल, सीएसके के लिए शुरुआती ४ मैचों से बाहर

IMG-20260328-WA0056

चेन्नई: आईपीएल २०२६ शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी चोट के कारण शुरुआती ४ मैचों से बाहर हो गए हैं।
सीएसके ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि धोनी इस समय काफ स्ट्रेन (पिंडली की चोट) से जूझ रहे हैं और उनका रिहैबिलिटेशन जारी है। टीम के अनुसार, वह इस चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं और आईपीएल के पहले दो हफ्तों तक मैदान से दूर रह सकते हैं। यह मांसपेशियों से जुड़ी चोट है, जिसे ठीक होने में समय लगता है। इसलिए उनका शुरुआती दो हफ्तों में खेलना संभव नहीं है।
इस तरह सीएसके को कम से कम 4 मैचों में उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी। यह टीम के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि धोनी अनुभव और नेतृत्व दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीएसके को शुरुआती २ हफ्तों में ४ मैच खेलने हैं। इसमें ३० मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ (गुवाहाटी), ३ अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ (चेन्नई), ५ अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ (बैंगलोर) और ११ अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ (चेन्नई) मैच शामिल हैं। इसके बाद १४ अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चेन्नई में मुकाबला होगा। उम्मीद है कि धोनी दिल्ली या कोलकाता के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं।
हालांकि धोनी अब टीम के कप्तान नहीं हैं, फिर भी मैदान पर उनकी मौजूदगी बेहद अहम मानी जाती है। वह अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल हैं। विकेटकीपिंग में अनुभव, डेथ ओवरों में फिनिशिंग और युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने में उनकी कमी महसूस होगी।
४४ वर्षीय धोनी अब केवल आईपीएल में ही खेलते हैं, जिससे उनके लिए मैच फिटनेस बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पिछले सीजन में उन्होंने १४ मैच खेले थे और ज्यादातर मुकाबलों में निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए थे।
इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह घुटने की समस्या से भी जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें २०२३ में सर्जरी करानी पड़ी थी। उनकी अनुपस्थिति में सीएसके मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना होगा। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी किसी अन्य खिलाड़ी को दी जा सकती है।
धोनी के अलावा टीम में विकेटकीपर के रूप में तीन और विकल्प मौजूद हैं- संजू सैमसन, उर्विल पटेल और कार्तिक शर्मा। संजू सैमसन का खेलना लगभग तय है, जबकि उर्विल और कार्तिक में से किसी एक को मौका मिल सकता है।

About Author

Advertisement