मुंबई: रणवीर सिंह स्टारर स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर २’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपने प्रदर्शन के ५४ दिन पूरे कर एक नया इतिहास रच दिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों को रोमांचित किया और अब यह साल की सबसे सफल फिल्मों में शुमार हो चुकी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में १,७९५ करोड़ रुपये का विशाल कलेक्शन कर लिया है।
भारतीय बाजार की बात करें तो फिल्म का नेट कलेक्शन १,१४३.४४ करोड़ रुपये और ग्रस कलेक्शन १,३६८.५२ करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आमिर खान की ‘दंगल’ के २,०७० करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड को चुनौती देने वाली यह एकमात्र फिल्म बनकर उभरी है, हालांकि खाड़ी देशों में बैन और चीन से उम्मीद के मुताबिक कमाई न होने के कारण इसकी रफ्तार थोड़ी प्रभावित हुई है। बड़े पर्दे पर दो महीने पूरे करने के करीब पहुंची यह फिल्म अब १४ मई को ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है, जहां इसके अनकट और खास वर्जन को पेश किया जाएगा। फिल्म की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरी टीम और मुख्य अभिनेता अर्जुन रामपाल सहित अन्य कलाकार बेहद उत्साहित हैं।










