दोहा डायमंड लीग से नीरज चोपड़ा आउट, फैंस हुए मायूस

IMG-20260613-WA0032

​नई दिल्ली: ​खेल जगत से एक बड़ी और थोड़ी मायूस करने वाली खबर आ रही है। भारत के आन-बान-शान और स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा आगामी १९ जून को होने वाली प्रतिष्ठित दोहा डायमंड लीग में नजर नहीं आएंगे। ओलंपिक के गोल्ड और सिल्वर मेडलिस्ट नीरज इन दिनों पीठ की चोट से उबर रहे हैं, और इसी वजह से उन्होंने इस बड़े टूर्नामेंट से दूरी बनाने का एक बेहद कड़ा फैसला लिया है।
​फिलहाल २८ साल के नीरज चोपड़ा स्विट्जरलैंड के बिएन में ४७ दिनों के कड़े ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में पसीना बहा रहे हैं। उनके साथ उनके भरोसेमंद फिजियोथेरेपिस्ट ईशान मारवाह और कोच जय चौधरी भी मौजूद हैं। असल में, आगे आने वाले कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए नीरज अपनी फिटनेस को लेकर कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहते और पूरी तरह रिकवर होने पर ध्यान दे रहे हैं।
​याद दिला दें कि पिछले साल इसी दोहा डायमंड लीग में नीरज ने अपने करियर का पहला ९० मीटर का बैरियर पार करते हुए ९०.२३ मीटर का शानदार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, उस कड़े मुकाबले में जर्मनी के जूलियन वेबर ने अपने आखिरी प्रयास में ९१.०६ मीटर का थ्रो फेंककर खिताब अपने नाम कर लिया था।
​भले ही इस बार नीरज ट्रैक पर नजर नहीं आएंगे, लेकिन दोहा डायमंड लीग में पुरुषों के जैवलिन थ्रो का रोमांच जरा भी कम नहीं होने वाला है। इस बार मैदान में पाकिस्तान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम अपनी कड़क फॉर्म के साथ चुनौती पेश करेंगे। वहीं, त्रिनिदाद एंड टोबैगो के वर्ल्ड चैंपियन केशर्न वालकोट भी मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा, श्रीलंका के २३ वर्षीय युवा सनसनी रुमेश थरंगा पथिरागे पर भी सबकी नजरें रहेंगी, जिन्होंने हाल ही में रोम डायमंड लीग में ९२.६२ मीटर का आसमानी थ्रो फेंककर पूरी दुनिया को चौंका दिया था।
​नीरज का इस प्रतियोगिता में न होना भारतीय फैंस के लिए यकीनन एक बड़ा झटका है, लेकिन उनकी सेहत और आने वाले बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स को देखते हुए यह फैसला बिल्कुल सही नजर आता है। खेल प्रेमी अब यही दुआ कर रहे हैं कि देश का यह हीरो जल्द से जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करे और फिर से तिरंगा लहराए।

About Author

Advertisement