गंगा जल संधि में नए समझौते की जिद छोड़कर भारत की ओर टकटकी
नई दिल्ली: ३० साल पुरानी भारत-बांग्लादेश गंगा जल बंटवारा संधि की अवधि आगामी १२ दिसंबर, २०२६ को समाप्त होने जा रही है, जिससे ठीक पहले बांग्लादेश के तेवर नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं। संधि खत्म होने में महज दो सप्ताह का समय शेष रहने पर नए समझौते की मांग पर अड़ा ढाका अब पुरानी संधि के ही नवीनीकरण के लिए भारत के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व से उम्मीद लगाए बैठा है।
१२ दिसंबर को गंगा जल संधि की मियाद पूरी होने और उसके ठीक चार दिन बाद यानी १६ दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के मौके पर भारत में शरण ले रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा ढाका वापसी की घोषणा किए जाने से बांग्लादेश सरकार दोहरे दबाव में आ गई है।
क्या चाहता था बांग्लादेश, क्यों बदला रुख?
इससे पहले ढाका एक ऐसा नया समझौता चाहता था, जिसमें सूखे के मौसम में उसे मिलने वाले पानी की न्यूनतम मात्रा सुरक्षित रखने के लिए ‘गारंटी क्लॉज’ (गारंटी की शर्त) शामिल हो। इसके साथ ही उसकी मांग थी कि भारत इस मुद्दे पर बातचीत के लिए अलग से एक तकनीकी समिति गठित करे। बांग्लादेश ने जून २०२६ में ही १० सदस्यीय उच्च-स्तरीय तकनीकी समिति बनाकर नई दिल्ली को सूचित कर दिया था।
दूसरी ओर, भारत का शुरू से ही स्पष्ट रुख रहा है कि सीमा-पार की ५४ नदियों से जुड़े विवादों और जल बंटवारे के मुद्दों को सुलझाने के लिए वर्ष १९७२ में गठित ‘संयुक्त नदी आयोग’ (जेआरसी) ही एक स्थापित और पर्याप्त तंत्र है। रक्षा विश्लेषक लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर्ड) जेएस सोढ़ी के अनुसार, बांग्लादेश में तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में आए खिंचाव के कारण भी भारत ने इस मसले पर अपनी ओर से कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई है।
हाल ही में ढाका में संपन्न ‘भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति’ की ९१वीं बैठक में वर्ष २०२६ की वार्षिक कार्यान्वयन रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान बांग्लादेशी पक्ष ने नए समझौते की जिद छोड़कर संधि के नवीनीकरण का रास्ता खुला रखने के संकेत दिए हैं। बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी एनी ने राजनयिक माध्यम से अपने भारतीय समकक्षी को पत्र भेजकर १२ दिसंबर से पहले औपचारिक बातचीत शुरू करने का आग्रह किया है।
बिहार और पश्चिम बंगाल की अपनी चिंताएं
इस बीच, भारत के भीतर बिहार और पश्चिम बंगाल ने इस संधि को इसके मौजूदा स्वरूप में आगे बढ़ाने पर आपत्ति जताई है। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा है कि १९९६ की संधि से बिहार को गंभीर पारिस्थितिक और आर्थिक नुकसान हुआ है, इसलिए २०५० तक की जल आवश्यकताओं का वैज्ञानिक आकलन कर नए सिरे से समझौता होना चाहिए। वहीं, कोलकाता बंदरगाह में जहाजों की आवाजाही बनाए रखने के लिए फरक्का बैराज से हुगली नदी की ओर पर्याप्त पानी मोड़ना पश्चिम बंगाल की प्रमुख जरूरत है।
संधि की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
१२ दिसंबर, १९९६ को नई दिल्ली में तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ३० वर्षीय गंगा जल बंटवारा संधि पर हस्ताक्षर किए थे।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित फरक्का बैराज पर गंगा के पानी के बंटवारे को नियंत्रित करने वाली यह संधि हर साल शुष्क मौसम (१ जनवरी से ३१ मई) के दौरान प्रभावी रहती है।
दोनों देशों के बीच साझा होने वाली ५४ नदियों में से गंगा ही एकमात्र नदी है, जिस पर औपचारिक जल-बंटवारा संधि अस्तित्व में है। आपसी सहमति से इस संधि की अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है।





