हरारे: भारत ने दूसरे टी२० इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में मेजबान जिम्बाब्वे को आसानी से ९० रनों से हराकर ३ मैचों की सीरीज में २-० की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रविवार को खेला जाएगा। भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में यह पहली सीरीज जीत है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आज टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने २० ओवर में ५ विकेट खोकर २१९ रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम १७.५ ओवर में महज १२९ रनों पर ही सिमट गई।
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और २९ रन के स्कोर पर ही दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। इनमें वैभव सूर्यवंशी ने २० और अभिषेक शर्मा ने ८ रन बनाए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भारतीय पारी को संभाला और कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए ६६ रनों की साझेदारी की। कप्तान अय्यर के २५ रन पर आउट होने के बाद किशन ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए ९४ रनों की मजबूत साझेदारी निभाई। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे ईशान किशन ने १८वें ओवर में आउट होने से पहले ९ चौकों और २ छक्कों की मदद से ४४ गेंदों में ८१ रन बनाए। उनके बाद तिलक वर्मा ने रिंकू सिंह (१२) और शिवम दुबे (नाबाद ६) के साथ मिलकर टीम का स्कोर २१९ तक पहुंचाया। तिलक ने ५ चौकों और ३ छक्कों की मदद से २९ गेंदों में नाबाद ६० रनों की आक्रामक पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और एक समय ६५ रन पर ही उसके ५ विकेट गिर चुके थे। प्रिंस यादव के साथ अपना डेब्यू मैच खेल रहे भारतीय गेंदबाज यश ठाकुर ने घातक गेंदबाजी की। जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बेनेट ने १९ गेंदों में ३ चौकों और ३ छक्कों की मदद से ३२ रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। शुरुआती झटकों के बाद तादिवानाशे मारुमानी ने २४ और रयान बर्ल ने २० रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक ३ विकेट चटकाए, जबकि यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने २-२ विकेट हासिल किए।








