नयी दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से २१ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, सुबह करीब ८:४८ बजे हौज रानी क्षेत्र स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी)’ होटल में आग लगने की सूचना मिली थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की आठ गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के दौरान ४० से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों में कई विदेशी नागरिक शामिल
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले २१ लोगों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इनमें से अधिकांश लोग पश्चिम एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी थे, जो इस गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को २-२ लाख रुपये तथा घायलों को ५०-५० हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
इसके साथ ही, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव चिकित्सा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।










