लिस्बन: फुटबॉल जगत के महानतम खिलाड़ियों में से एक क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब आधिकारिक रूप से शादीशुदा हो गए हैं। पुर्तगाल के ४१ वर्षीय दिग्गज फुटबॉलर ने लंबे समय से अपनी पार्टनर रहीं जॉर्जिना रोड्रिगेज को अपना जीवनसाथी बना लिया है। रोनाल्डो ने मंगलवार को पुर्तगाल के कास्काइस में एक निजी समारोह में जॉर्जिना के साथ शादी की। इस अवसर पर उनके ५ बच्चे भी उपस्थित थे।
शादी के कार्यक्रम को पूरी तरह से निजी रखते हुए रोनाल्डो ने किसी बड़े ऐलान या भव्य तस्वीरों के बजाय सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रशंसकों को यह खुशखबरी दी। उन्होंने अपने और जॉर्जिना के हाथ की एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों की उंगलियों में मैचिंग गोल्डन वेडिंग रिंग दिखाई दे रही है। इस तस्वीर के साथ रोनाल्डो ने केवल ‘सीजी’ लिखा है। स्पेनिश स्पोर्ट्स दैनिक मार्का और सऊदी अरब के दैनिक गल्फ न्यूज ने भी शादी की पुष्टि की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह समारोह बेहद निजी था, जिसमें रोनाल्डो और जॉर्जिना के साथ उनके ५ बच्चे ही शामिल हुए।
रोनाल्डो और जॉर्जिना का रिश्ता लगभग एक दशक पुराना है। इन दोनों की पहली मुलाकात २०१६ में मैड्रिड में हुई थी, जब जॉर्जिना एक गुच्ची स्टोर में काम करती थीं। समय के साथ दोनों का रिश्ता सार्वजनिक हुआ और दोनों ने मिलकर एक परिवार बसाया। रोनाल्डो के फुटबॉल करियर में स्पेन, इटली, इंग्लैंड और सऊदी अरब तक के सफर के दौरान जॉर्जिना लगातार उनके साथ रहीं। ब्रिटिश पत्रकार और रोनाल्डो के करीबी दोस्त पियर्स मॉर्गन ने भी रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की है।
शादी से एक साल पहले जॉर्जिना ने अगस्त २०२५ में सोशल मीडिया के जरिए ही अपनी सगाई (इंगेजमेंट) की जानकारी दी थी। उन्होंने रोनाल्डो और अपने हाथ की तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें उनकी उंगली में हीरे की अंगूठी नजर आ रही थी। रोनाल्डो ने भी इससे पहले पियर्स मॉर्गन के साथ बातचीत में अपनी शादी का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि जॉर्जिना को बड़ी पार्टियां और दिखावा पसंद नहीं है, इसलिए वह उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए शादी को बेहद निजी रखेंगे। अंततः उनकी शादी वैसी ही रही।
रोनाल्डो और जॉर्जिना के परिवार में ५ बच्चे हैं, जिनमें ईवा मारिया और माटेओ जुड़वां हैं। इसके अलावा बेटियों अलाना और बेला के साथ रोनाल्डो के पहले रिश्ते से बेटा क्रिस्टियानो जूनियर भी शामिल है। शादी के इस खास मौके पर सभी ५ बच्चे मौजूद थे। इस तरह ४१ वर्षीय रोनाल्डो और ३२ वर्षीय जॉर्जिना अब आधिकारिक रूप से पति-पत्नी बन चुके हैं।








