अगरतला: पूर्व डीजीपी अनुराग धनकर की मौत से जुड़े कथित सुसाइड नोट को लेकर विवाद बढ़ने के बाद सोमवार को त्रिपुरा विधानसभा में हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने दावा किया कि धनकर ने मौत से पहले अपनी पत्नी को नोट की तस्वीर डिजिटल माध्यम से भेजी थी। उन्होंने सरकार से नोट की सामग्री सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में अधिकारियों ने किसी दस्तावेज के नहीं मिलने की बात कही थी, लेकिन बाद में धनकर के कपड़ों की जेब से मूल नोट मिलने का दावा किया गया। इस पर उन्होंने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साह के बयान में कथित नोट का उल्लेख नहीं होने पर विपक्ष ने पारदर्शी जांच की मांग की। विरोध के दौरान रॉय बर्मन समेत विपक्षी विधायक सदन के वेल में पहुंच गए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष राम पदा जमातिया ने रॉय बर्मन को बैठक की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया। रॉय बर्मन ने निलंबन को ‘अवैध’ बताते हुए कहा कि जरूरी जवाब मांगने पर उन्हें दंडित किया गया।





