काेचबिहार: काेचबिहार में एक प्रभावशाली तृणमूल नेता की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक हलकों में तीव्र हलचल मच गई है। तृणमूल कांग्रेस के काेचबिहार १-बी ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल कादेर को सोमवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, काेचबिहार के गुड़ियाहाटी संख्या २ ग्राम पंचायत क्षेत्र से उन्हें हिरासत में लिया गया।बाद में पूछताछ के पश्चात आरोपी नेता को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।पुलिस का दावा है कि अब्दुल कादेर के खिलाफ चुनाव से पहले विपक्षी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला करने, घरों में तोड़फोड़, लूटपाट तथा महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों के भीतर कूचबिहार में तृणमूल के ब्लॉक स्तर के किसी नेता की गिरफ्तारी की यह दूसरी घटना है। इससे जिले का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है।










