नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को संयुक्त राज्य अमेरिका का एक ‘महान और वफादार’ सहयोगी बताते हुए उसके साहस और रणनीतिक कौशल की जमकर सराहना की है। लेबनान में हाल ही में हुए युद्धविराम के प्रयासों और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि इजरायल हर परिस्थिति में अमेरिका के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने लिखा, “लोगों की राय चाहे जो भी हो, इजरायल ने खुद को अमेरिका का एक भरोसेमंद साझेदार साबित किया है। वे साहसी, निडर और समझदार हैं। जहां अन्य देशों ने संकट के समय अपना असली रंग दिखाया, वहीं इजरायल अपनी शक्ति और वफादारी पर अडिग रहा।” ट्रंप ने आगे कहा कि इजरायल पूरी ताकत के साथ लड़ता है और जानता है कि जीत कैसे हासिल की जाती है।
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब क्षेत्रीय तनाव काफी बढ़ गया है। दूसरी ओर, ईरान ने सामरिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण *होर्मुज जलडमरूमध्य” को फिर से बंद करने की घोषणा कर दी है। तेहरान ने स्पष्ट किया है कि जब तक अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई अपनी नौसैनिक नाकाबंदी पूरी तरह से नहीं हटा लेता, तब तक यह प्रमुख वैश्विक तेल मार्ग बंद रहेगा।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका के साथ किसी अंतिम समझौते पर पहुँचना अभी बहुत दूर की बात है। ट्रंप का यह बयान इजरायल को लेबनान पर बमबारी रोकने के लिए कहने के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ अमेरिका का खुला समर्थन और दूसरी तरफ ईरान की सख्त सैन्य व व्यापारिक घेराबंदी ने मिडिल ईस्ट के संकट को और अधिक जटिल बना दिया है।









