टोरंटो: कजाकिस्तान की स्टार खिलाड़ी एलिना रायबाकिना ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए नाओमी ओसाका को ३ सेट के रोमांचक मैच में ४-६, ७-६ (५), ६-४ से हराकर कनाडा ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में पहला सेट गंवाने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए लगातार २ सेट जीतकर रायबाकिना ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
जापान की अनुभवी खिलाड़ी ओसाका ने मैच में आक्रामक शुरुआत की और रायबाकिना की मैच की पहली सर्विस गेम में ही ब्रेक हासिल कर लिया। विश्व की नंबर २ खिलाड़ी रायबाकिना के पास अगले गेम में वापसी करने का मौका था, लेकिन ओसाका ने ३ ब्रेक पॉइंट बचाते हुए अपनी सर्विस बरकरार रखी। इसके बाद कजाकिस्तान की खिलाड़ी को पूरे सेट में एक भी ब्रेक पॉइंट हासिल करने का मौका नहीं मिला। इस तरह ओसाका ने शानदार नियंत्रण के साथ पहला सेट जीता।
दूसरे सेट में रायबाकिना ने अपने खेल का स्तर बढ़ाया, लेकिन उनकी सर्विस शुरुआती ३ गेमों में २ बार टूटी। पूर्व ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन ने भी २ बार ओसाका की सर्विस तोड़ी। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर के बीच यह सेट टाईब्रेकर तक पहुंचा, जहां रायबाकिना ने ७-५ से जीत दर्ज कर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचाया। मैच का तीसरा तथा निर्णायक सेट भी रोमांचक रहा, जिसमें भारी दबाव के बावजूद संयम के साथ खेलते हुए रायबाकिना ने जीत हासिल की।
मैच के बाद रायबाकिना ने कहा, “मैं केवल मैच में बनी रहने और संघर्ष करने की कोशिश कर रही थी। मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी था, इसी वजह से मैंने लड़ाई जारी रखी। इस तरह की जीत से मनोबल बढ़ता है।”
अब सेमीफाइनल में रायबाकिना का मुकाबला अमेरिका की स्टार खिलाड़ी कोको गॉफ से होगा। गॉफ को बेलिंडा बेनसिच के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वॉकओवर मिला। रायबाकिना और गॉफ के बीच अब तक केवल एक बार टोरंटो में २०२२ में मुकाबला हुआ है।









