​जो रूट के फिर से इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बनने की संभावना

IMG-20260725-WA0052

लंदन: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) अब टेस्ट टीम के लिए नए कप्तान की तलाश कर रहा है। ईसीबी की यह तलाश दिग्गज बल्लेबाज जो रूट पर खत्म हो सकती है।
​एक रिपोर्ट के अनुसार, ईसीबी एक बार फिर पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त कर सकता है। गौरतलब है कि २०२२ में रूट के टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद ही स्टोक्स को कप्तान बनाया गया था। अब स्टोक्स के संन्यास के बाद रूट को फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी लेने के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
​रूट को अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किए जाने की प्रबल संभावना है। रूट को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ २०२७ में होने वाली प्रतिष्ठित एशेज सीरीज तक के लिए कप्तान नियुक्त किया जा सकता है। रूट ने स्टोक्स की अनुपस्थिति में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की कप्तानी की थी।
​रूट ने इससे पहले २०१७ से २०२२ के बीच ६४ टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी की थी, जिनमें से टीम को २७ मैचों में जीत हासिल हुई थी।
​ईसीबी के इस कदम से वर्तमान टेस्ट उप-कप्तान हैरी ब्रुक को तीनों प्रारूपों की जिम्मेदारी संभालने के बजाय केवल इंग्लैंड की सफेद गेंद (सीमित ओवरों) की टीमों की कप्तानी पर ध्यान केंद्रित करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा, ब्रुक टेस्ट टीम में उप-कप्तान के रूप में रूट के साथ रहकर अनुभव भी हासिल कर सकेंगे। ईसीबी पहले ही ब्रुक को वनडे और टी-२० टीम का कप्तान तथा टेस्ट टीम का उप-कप्तान नियुक्त कर चुका है।

About Author

Advertisement