जेम्स फोस्टर को फील्डिंग कोच बनाया सीएसके ने

IMG-20260317-WA0058

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स(सीएसके) ने जेम्स फोस्टर को नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह मुख्य प्रशिक्षक स्टीफन फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी प्रशिक्षक माइकल हसी और गेंदबाजी प्रशिक्षक एरिक सिमन्स के साथ काम करेंगे।
इससे पहले फोस्टर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए फील्डिंग और सहायक प्रशिक्षक के रूप में कई सीजन काम किया था। फोस्टर चेन्नई सुपर किंग्स में विकेटकीपरों के साथ भी काम करेंगे। टीम में मौजूद विकेटकीपरों में पूर्व कप्तान एमएस धोनी और हाल ही में टी२० विश्व कप में खिलाड़ी ऑफ़ द टूर्नामेंट रहे सञ्जु सैमसन शामिल हैं।
पाँच बार की आईपीएल विजेता टीम ने सोशल मीडिया में लिखा है कि हम फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर और विश्व की टीमों के साथ कोचिंग अनुभव रखने वाले जेम्स अब गर्व के साथ अपनी नई यात्रा शुरू कर रहे हैं।
१५ अप्रैल १९८० को एसेक्स में जन्मे फोस्टर ने विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में अक्टूबर २००१ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया। उन्होंने इंग्लैंड के लिए ७ टेस्ट मैच खेलकर २२६ रन बनाए और १७ खिलाड़ियों को कैच आउट किया। टेस्ट में उन्होंने एक स्टंपिंग भी की। ११ वनडे मैचों में फोस्टर ने ४१ रन बनाए और १३ खिलाड़ियों को कैच आउट किया। वनडे में उन्होंने ७ खिलाड़ियों को स्टंप्ड भी किया।
अपने करियर में ५ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद फोस्टर ने २०१८ में खिलाड़ी के रूप में संन्यास लिया। उसके बाद वह प्रशिक्षक के रूप में फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में सक्रिय हैं।
आईपीएल २०२६ में चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच ३० मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है।

About Author

Advertisement