‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संकल्प
जयगांव: मादक पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग को रोकने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सीमावर्ती शहर जयगांव के अग्रसेन भवन में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जयगांव पुलिस और अलीपुरद्वार जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सिक्किम सरकार के मंत्री विशाल लामा ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए मंत्री विशाल लामा ने इस अत्यंत महत्वपूर्ण और समय अनुकूल पहल के लिए जयगांव पुलिस व अलीपुरद्वार जिला पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन समाज और विशेष रूप से हमारी युवा पीढ़ी के लिए एक गंभीर खतरा बन चुका है।
”सामूहिक जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता के बल पर ही हम एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। आइए, हम सब मिलकर ‘नशे को ना और जिंदगी को हां’ कहने का संकल्प लें”, मंत्री विशाल लामा बाेलें।
इस उच्च स्तरीय कार्यक्रम में अलीपुरद्वार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार शॉ (आईपीएस), वन प्रभाग अधिकारी (डीएफओ) परवीन क्रोवान (आईएफएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्का बनर्जी (आईपीएस), जयगांव के एसडीपीओ डॉ. सोमनाथ झा, एसएसबी ५३वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट दीपक रायताते और डिप्टी मजिस्ट्रेट नोर्बू शेरपा (डब्ल्यूबीसीएस) की विशेष उपस्थिति रही।
इसके अलावा, कार्यक्रम में डॉ. नीलांजन मंडल, डिप्टी एक्साइज कलेक्टर देवद्युति दत्ता, ड्रग्स इंस्पेक्टर मोनोगोपाल आदित्य, जयगांव थाना प्रभारी (ओसी) मिंग्मा शेरपा सहित क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में उत्साही छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के जाल से दूर रहने और समाज को इस अभिशाप से मुक्त बनाने का एक सशक्त संदेश दिया गया।





