चोपड़ा में भय और माफियाराज का अंत होगा, अब जनता को मिलेगा सुशासन: सांसद राजू बिष्ट

7c4c5335-7a94-45a3-9b6f-8dc1aa9f5c72

सिलीगुड़ी/चोपड़ा: दार्जिलिंग संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दार्जिलिंग के लोकसभा सांसद राजू बिष्ट ने घोषणा की है कि चोपड़ा में दशकों से व्याप्त भय, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के माहौल का अब पूरी तरह अंत होगा। इस विशाल जनसभा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सांसद बिष्ट ने चोपड़ा और पूरे पश्चिम बंगाल के नवनिर्माण का संकल्प व्यक्त किया।
​सांसद बिष्ट ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चोपड़ा में जनता के कल्याण के लिए आने वाले सरकारी धन को टीएमसी के नेताओं और उनके गुंडों ने अपनी जेबों में डाल लिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते सांसद क्षेत्रीय विकास निधि की परियोजनाओं सहित कई विकास योजनाओं को बाधित किया था। उन्होंने चोपड़ा की जनता को आश्वस्त किया कि विकास विरोधी तत्वों का वह काला दौर अब समाप्त हो चुका है।
​”अब चोपड़ा और पश्चिम बंगाल में डर की राजनीति नहीं चलेगी। हमारी माताएं-बहनें सुरक्षित महसूस करेंगी और युवाओं को अपनी ही धरती पर रोजगार के अवसर मिलेंगे”, सांसद राजू बिष्ट बाेलें।
​’डबल इंजन’ सरकार और सुशासन की गारंटी
सांसद बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ सरकार चोपड़ा और पूरे राज्य की तस्वीर बदलने के लिए दिन-रात काम कर रही है। नई सरकार राज्य में कानून का शासन सुनिश्चित करने और सभी आपराधिक तत्वों को समाज से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को उद्योगों, उद्यमियों और नए निवेश के लिए एक सुरक्षित केंद्र बनाया जाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। अब सभी केंद्रीय और राज्य स्तरीय योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए या ‘कट-मनी’ के सीधे आम जनता तक पहुंचेगा।
​चोपड़ा में जल्द खुलेगा सांसद कार्यालय
चोपड़ा के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए सांसद राजू बिष्ट ने वहां एक नया सांसद कार्यालय खोलने की घोषणा की। इस कार्यालय के माध्यम से केंद्र और राज्य दोनों स्तरों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। सड़क, राशन, आवास, पेंशन, किसानों की समस्याओं, महिला सुरक्षा या किसी भी प्रकार के अपराध से जुड़े मामलों को लेकर क्षेत्र के लोग सीधे सांसद कार्यालय आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
​सांसद बिष्ट ने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सुशासन की गारंटी देगी और भ्रष्टाचार, अवैध खनन, जमीन कब्जाने वाले भू-माफियाओं तथा अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण देने वाले टीएमसी नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, “हम सब मिलकर एक नए चोपड़ा का निर्माण करेंगे जहां लोग सम्मान के साथ जिएंगे। चोपड़ा बदलेगा, बंगाल बदलेगा और अंततः जनता की जीत होगी।”

About Author

Advertisement