चीन में मछली जैसी दिखने वाली रोबोटिक मछली

91eed1c0-ebb8-4b21-bc84-f1cdb57758e0

बीजिंग: चीन ने वास्तविक मछली जैसी दिखने वाली एक रोबोटिक मछली बनाई है। पानी के अंदर खुद तैरने में सक्षम इस रोबोट का इस्तेमाल निगरानी समेत कई कार्यों में किया जा सकता है।
‘फुलडेप्थ’ नाम की यह रोबोटिक मछली देखने में वास्तविक अरोवाना यानी ‘ड्रैगन फिश’ जैसी दिखाई देती है। कंपनी ने इसे पानी के अंदर दूर से संचालित किए जा सकने वाले वाहन के रूप में पेश किया है।
रोबोटिक मछली की लंबाई 69 सेंटीमीटर, ऊंचाई 20 सेंटीमीटर और वजन 3.8 किलोग्राम बताया गया है। इसका शरीर नरम और लचीला है।
सिलिकॉन से बने शरीर में इंटीग्रेटेड मोल्डिंग और धातु की कोटिंग की गई है, जिससे यह वास्तविक अरोवाना मछली के चमकदार शल्कों जैसी दिखाई देती है।
कंपनी ने इसे सुनहरे और लाल रंग में पेश किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इसका रंग आवश्यकता के अनुसार बदला भी जा सकता है। कंपनी का दावा है कि वास्तविक मछलियों के बीच तैरने पर इस रोबोट को पहचानना मुश्किल होता है।
पारंपरिक प्रोपेलर के बजाय इसमें बायोनिक सॉफ्ट-बॉडी प्रोपल्शन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसी तकनीक की वजह से यह रोबोट मछली की तरह अपने शरीर को हिलाते हुए पानी में तैर सकता है।
बताया गया है कि यह रोबोट पानी के अंदर अधिकतम 1.9 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तैर सकता है।
लिथियम बैटरी से चलने वाला यह रोबोट एक बार चार्ज करने पर करीब 10 से 12 घंटे तक काम कर सकता है। इसमें वायरलेस इंडक्टिव चार्जिंग प्लेटफॉर्म भी दिया गया है।
रोबोट में ‘फिश न्यूरो-ड्राइव मॉडल’ नाम की प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। इसमें एआई एल्गोरिदम के साथ उच्च-सटीकता वाली ‘एटिट्यूड’ और सेंसर नियंत्रण तकनीक का उपयोग किया गया है।

About Author

Advertisement