चामिंडा वास दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच नियुक्त

IMG-20261017-WA0049

​नई दिल्ली: आईपीएल २०२७ से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। फ्रेंचाइजी ने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास को टीम का बॉलिंग कोच (गेंदबाजी कोच) नियुक्त किया है। इससे पहले दिल्ली फ्रेंचाइजी ने सौरव गांगुली को मुख्य कोच और युवराज सिंह को सहायक एवं बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया था। इस बार वास की नियुक्ति से टीम के कोचिंग स्टाफ में अंतरराष्ट्रीय अनुभव का एक और बड़ा नाम शामिल हो गया है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से वास की नियुक्ति की घोषणा की है। दिल्ली कैपिटल्स को अनुभवी कोचों के इस समूह से टीम के प्रदर्शन में सुधार लाने के साथ-साथ पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के सपने को साकार करने में मदद मिलने की उम्मीद होगी।
​५२ वर्षीय चामिंडा वास श्रीलंका के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में १११ टेस्ट मैचों में ३५५ विकेट और ३२२ वनडे मैचों में ४०० विकेट लिए हैं। वह १९९६ में विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम का हिस्सा थे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वास ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ, नई गेंद को स्विंग कराने की असाधारण क्षमता और अलग-अलग परिस्थितियों में प्रभावी गेंदबाजी से अपनी छाप छोड़ी है। खासकर टी२० क्रिकेट में पावरप्ले और डेथ ओवरों में गेंदबाजी की रणनीति तैयार करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
​वास के पास कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह श्रीलंका की सीनियर टीम और अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ काम कर चुके हैं। वह २०१६ टी२० विश्व कप के दौरान आयरलैंड के बॉलिंग कोच थे। उन्होंने न्यूजीलैंड टीम के साथ तेज गेंदबाजी सलाहकार के रूप में भी काम किया है।
​गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स ने मुख्य कोच हेमांग बदानी के नेतृत्व में २ सीजन बिताने के बाद अपने पुराने कोचिंग समूह में बदलाव किया है। टीम २०२५ में प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी, जबकि २०२६ के सीजन में टीम छठे स्थान पर रही थी। फ्रेंचाइजी अब नए कोचिंग स्टाफ के साथ नई शुरुआत करने के प्रयास में है, लेकिन सिर्फ बड़े नाम ही सफलता की गारंटी नहीं देते। असली परीक्षा मैदान पर रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की होगी।

About Author

Advertisement