सिलीगुड़ी: शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या में प्रयुक्त चारपहिया वाहन पर सिलीगुड़ी का एक जाली नंबर प्लेट लगाया गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है।जांच में पता चला है कि हमलावर एक मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन से घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस जब वाहन के पंजीकृत नंबर की जांच कर रही थी, तब यह जानकारी मिली कि वह सिलीगुड़ी क्षेत्रीय परिवहन विभाग में पंजीकृत है। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक शिवमंदिर निवासी विलियम जोसेफ को बुधवार देर रात पूछताछ के लिए थाने बुलाया।पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने विलियम जोसेफ के वाहन के पंजीकृत नंबर का उपयोग कर जाली नंबर प्लेट तैयार किया था। मामले में उनकी किसी भी प्रकार की संलिप्तता नहीं मिलने पर पुलिस ने बाद में उन्हें छोड़ दिया।फिलहाल पुलिस हत्या और जाली नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल किए गए वाहन से जुड़े पूरे गिरोह की जांच में जुटी हुई है।दूसरी ओर, विलियम जोसेफ ने बताया कि अपनी गाड़ी बेचने के लिए उन्होंने एक वाणिज्यिक ऑनलाइन माध्यम पर विज्ञापन दिया था। आशंका जताई जा रही है कि वहीं से वाहन का नंबर नकल कर अपराध में उपयोग किया गया।उल्लेखनीय है कि जिस वाहन का नंबर इस्तेमाल किया गया, वह अब भी मालिक के घर पर ही मौजूद है। सभी दस्तावेज और विज्ञापन की जानकारी दिखाने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।










