गौफ और फिल्स ने जीता सिनसिनाटी ओपन में महिला और पुरुष एकल वर्ग का खिताब

f82f79ab-9579-46b8-93bc-c6356fc3f5cb

सिनसिनाटी: अमेरिका की स्टार खिलाड़ी कोको गौफ ने अपने ही देश की जेसिका पेगुला को सीधे सेटों में पराजित कर सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में दूसरी बार महिला एकल का खिताब जीता। इसी प्रकार पुरुष एकल में फ्रांस के आर्थर फिल्स ने खिताब जीता। उन्होंने फाइनल में अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो को पराजित कर अपने करियर का पहला एटीपी मास्टर्स १००० खिताब जीता। महिला एकल के फाइनल में गौफ ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए पेगुला को ६-२, ६-४ से पराजित किया। मैच में गौफ ने आक्रामक शुरुआत करते हुए जल्द ही ५-० की मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद ६-२ से पहला सेट जीता। दूसरे सेट में पेगुला ने वापसी का प्रयास किया और स्कोर ४-५ तक पहुंचाया। उसके बाद गौफ ने असाधारण संयम के साथ महत्वपूर्ण अंक हासिल कर दूसरे सेट के साथ मैच जीत लिया। गौफ ने मैच के दौरान मिले ६ में से ५ ब्रेक पॉइंट को भुनाया। गौफ ने इससे पहले २०२३ में कैरोलिना मुचोवा को पराजित कर पहली बार सिनसिनाटी ओपन का खिताब जीता था।
​पुरुष एकल के फाइनल में फ्रांस के आर्थर फिल्स ने अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो को ६-३, १-६, ६-० से पराजित किया। बाईस वर्षीय फिल्स ने पहला सेट जीता लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी ने दूसरा सेट आसानी से जीतकर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचाया। तीसरे सेट में फिल्स फिर से आक्रामक लय में दिखे। उन्होंने टियाफो को कोई मौका नहीं दिया और ६-० से तीसरा सेट जीतकर मैच अपने नाम किया। फिल्स और टियाफो के बीच खेला गया यह मैच ऐतिहासिक भी था क्योंकि एटीपी मास्टर्स १००० के इतिहास में पहली बार फाइनल में दो अश्वेत खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत हुई थी। फिल्स मास्टर्स १००० खिताब जीतने वाले तीसरे अश्वेत खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले अमेरिका के बेन शेल्टन और फ्रांस के जो-विल्फ्रेड सोंगा ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

About Author

Advertisement