गिरफ्तारी के खिलाफ कालकाता हाईकोर्ट पहुंचे पूर्व मंत्री, शुक्रवार को सुनवाई की संभावना

sujit-bose-1

कोलकाता: राज्य के पूर्व अग्निशमन मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नेता सुजीत बसु ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई अपनी गिरफ्तारी को कालकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। नगर निगम भर्ती घोटाला मामले में गिरफ्तार सुजीत बसु फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक सुजीत बसु के वकील द्वारा दायर याचिका पर कालकत्ता हाईकोर्ट में जल्द ही सुनवाई हो सकती है। इस मामले को न्यायमूर्ति शम्पा दत्त पाल की अदालत में आगामी शुक्रवार को विशेष उल्लेख के तहत उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।​ईडी पिछले लंबे समय से नगर निगम भर्ती भ्रष्टाचार मामले में सुजीत बसु से पूछताछ और जांच कर रही थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि दमदम नगरपालिका में नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध रूप से उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश की गई थी, जिसके एवज में मोटी रकम की उगाही की गई। जांच के दौरान ईडी ने उन्हें कई बार पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन उस समय विधानसभा चुनाव के कारण खुद को चुनाव प्रचार में व्यस्त बताते हुए उन्होंने अदालत का रुख किया था। बाद में चुनाव समाप्त होने पर वे ईडी के समक्ष पेश हुए, जहां कई दौर की लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। अब अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए बसु द्वारा याचिका दायर किए जाने के बाद राज्य के कानूनी और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

About Author

Advertisement