आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में ईशा सिंह ने रचा इतिहास

IMG-20260528-WA0060

म्यूनिख: ईशा सिंह ने बुधवार को महिलाओं की २५ मीटर पिस्तौल स्पर्धा में असाधारण प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तीन बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता ईशा ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के दूसरे दिन भारत को पहला पदक दिलाया। २१ वर्षीय भारतीय शूटर ने फाइनल में ४३ पॉइंट्स का शानदार स्कोर बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं, जर्मनी की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन डोरीन वेनेकैंप ३८ पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और उन्होंने रजत पदक जीता। इसके साथ ही बुल्गारिया की मिरोस्लावा मिनचेवा ने कांस्य पदक हासिल किया।
​ओलंपिक शूटिंग रेंज में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में ईशा ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी। उन्होंने शुरुआती ३ सीरीज में परफेक्ट स्कोर के साथ बाकी खिलाड़ियों को काफी पीछे छोड़ दिया। ईशा ने दो साल पहले बाकू में कोरिया की किम ये जी द्वारा बनाए गए ४२ पॉइंट्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने यांग जिन के ४१ पॉइंट्स के जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। वर्तमान ओलंपिक चैंपियन यांग जिन इस स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहीं।
​ईशा ने क्वालिफिकेशन के प्रिसिजन राउंड में २९३ और रैपिड फायर राउंड में २९४ पॉइंट्स हासिल किए थे। कुल ५८७ पॉइंट्स के साथ उन्होंने चौथे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। इस स्पर्धा में भारत की अन्य शूटर मनु भाकर और राही सरनोबत क्रमशः ५८२ और ५८१ पॉइंट्स के साथ १२वें और 14वें स्थान पर रहीं।

About Author

Advertisement