लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में राज्य के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश और देश की जीवनरेखा रही हैं, उसी तरह आधुनिक विकास के इस युग में यह गंगा एक्सप्रेसवे राज्य के विकास की नई जीवनरेखा बनेगा।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह संयोग है कि वह पिछले चार–पांच दिनों से मां गंगा के सान्निध्य में रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं आज सुबह काशी के दर्शन कर आया हूं और अब मुझे मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने का अवसर मिला है।” उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार को एक्सप्रेसवे का नाम गंगा के नाम पर रखने के लिए सराहना करते हुए इसे विकास और विरासत के संगम का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का एक महत्वपूर्ण दिन है और पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है। उन्होंने मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लोग बिना भय के मतदान कर रहे हैं, जो देश के संविधान और सशक्त लोकतंत्र का प्रतीक है। उन्होंने बंगाल के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने हालिया चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में हुए चुनाव में भाजपा-एनडीए ने नया इतिहास रचा, जबकि गुजरात के स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा जीत की हैट्रिक बनाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विकास के लिए तेज गति से आधारभूत संरचना का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने याद दिलाया कि दिसंबर 2021 में उन्होंने शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया था और पांच वर्ष से कम समय में यह परियोजना पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के विस्तार का कार्य भी शुरू हो चुका है और जल्द ही यह मेरठ से हरिद्वार तक विस्तारित होगा।
उन्होंने “डबल इंजन सरकार” की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि अब शिलान्यास के साथ ही परियोजनाओं का समय पर उद्घाटन भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सड़कों और परियोजनाओं के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब तेजी से काम हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी और औद्योगिक कॉरिडोर के विकास से कई जिलों में नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और लाखों परिवारों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब तेजी से एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। उन्होंने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश में ही तैयार हो रहा है और ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों का निर्माण भी यहां हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जहां सड़कों की कमी थी, वहीं आज एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है और नए हवाई अड्डों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जितिन प्रसाद, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।










