खरीबाड़ी: खरीबाड़ी पंचायत समिति की सभापति रत्न रॉय सिन्हा ने मंगलवार को सिलीगुड़ी के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंप दिया। पंचायत समिति के भीतर जारी राजनीतिक रस्साकशी के बीच उनका यह इस्तीफा सामने आया है।
उल्लेखनीय है कि गत ११ जून को खरीबाड़ी पंचायत समिति के छह असंतुष्ट तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सदस्यों ने संयुक्त रूप से सभापति सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इस अविश्वास प्रस्ताव पर बुधवार को मतदान होना तय था, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले सभापति के इस्तीफे ने खरीबाड़ी पंचायत समिति के भावी नेतृत्व को लेकर राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ा दी है।
अपना इस्तीफा सौंपने के बाद रत्न रॉय सिन्हा ने कहा कि वह अपनी ही पार्टी के छह सदस्यों द्वारा उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के फैसले से दुखी हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में नई सरकार के गठन के बाद सदस्य नया सभापति चाहते थे, इसलिए उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। निवर्तमान सभापति ने कहा कि उन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम किया है और भविष्य में भी जनता के लिए काम करती रहेंगी। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनके इस्तीफे के बाद खरीबाड़ी पंचायत समिति की कमान कौन संभालेगा।









