क्षेत्र में तनाव के बाद सऊदी अरब में होने वाला एशियाई कप स्थगित

64e48142-836d-473d-9f70-57e2cbc0de5a

​रियाद: सऊदी अरब में होने वाले एएफसी एशियाई कप २०२७ को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। क्षेत्र में हाल के समय में हुए हमलों और उससे उत्पन्न लॉजिस्टिक चुनौतियों के कारण एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) और सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ ने टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया है। पहले इस प्रतियोगिता का आयोजन जनवरी २०२७ में किया जाना था, लेकिन अब इसे सितंबर २०२७ से जनवरी २०२८ के बीच आयोजित किया जाएगा। एएफसी एशियाई कप २०२७ का आयोजन पहले ७ जनवरी से ५ फरवरी २०२७ तक तय किया गया था। नए फैसले के बाद टूर्नामेंट की शुरुआत २३ सितंबर २०२७ को होगी और इसका समापन २१ जनवरी २०२८ को होगा। इस निर्णय से पहले एएफसी, स्थानीय आयोजन समिति (एलओसी) और सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ के बीच लंबी चर्चा हुई। सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद प्रतियोगिता की तारीखों में बदलाव करने का निर्णय लिया गया। एएफसी ने अपने आधिकारिक बयान में टूर्नामेंट को स्थगित करने का कारण बताया है। संगठन ने कहा है कि आयोजन समिति ने क्षेत्र की वर्तमान असाधारण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस प्रमुख राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंट की तारीखों को पुनर्निर्धारित करने की मंजूरी दे दी है। क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों के कारण गंभीर लॉजिस्टिक जटिलताएं और यात्रा संबंधी बाधाएं उत्पन्न हुई हैं। टूर्नामेंट की नई तारीखों को मंजूरी के लिए फीफा के समक्ष रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर १० अक्टूबर को हमला हुआ था। उस हमले में १२ लोगों की जान चली गई थी जबकि ३०९ लोग घायल हो गए थे। यमन के ईरान समर्थित हूती आंदोलन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

About Author

Advertisement