कोलकाता: क्रेडाई कोलकाता ने कोलकाता स्थित जे. डब्ल्यू. मैरियट में ‘टेककॉन २०२६’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम रियल एस्टेट क्षेत्र में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग पर केंद्रित था। सम्मेलन में रियल एस्टेट क्षेत्र के प्रमुख उद्यमियों, तकनीक विशेषज्ञों तथा उद्योग से जुड़े दिग्गजों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम में तकनीक के माध्यम से रियल एस्टेट परियोजनाओं के प्रभावी नियोजन, विकास, विपणन और प्रबंधन को कैसे अंजाम दिया जा सकता है, इस विषय पर गहन चर्चा की गई।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास एवं नगर मामले मंत्री सुश्री अग्निमित्रा पॉल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
तकनीक और एआई की मदद से रियल एस्टेट क्षेत्र को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित टेककॉन २०२६ में कार्यकुशलता, उत्पादकता, स्थिरता और ग्राहक अनुभव में सुधार लाने वाले नए तकनीकी समाधानों पर विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में एआई तथा जेन-एआई, ईआरपी सॉल्यूशंस, सीआरएम, सेल्स ऑटोमेशन, चैटबॉट्स, कन्वर्सेशनल एआई, कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, बीआईएम, डिजिटल इंजीनियरिंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्मार्ट बिल्डिंग सॉल्यूशंस, डेटा एनालिटिक्स, लीगल टेक, एचआर और पेरोल ऑटोमेशन तथा प्रोपटेक से जुड़े नए नवाचार प्रदर्शित किए गए।
क्रेडाई कोलकाता टेककॉन के अध्यक्ष गौरव बेलानी के अनुसार, कोलकाता का रियल एस्टेट उद्योग परिवर्तन के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है। नियोजन, निर्माण और प्रबंधन में आज लिए जाने वाले तकनीकी फैसले ही इस क्षेत्र के भविष्य का निर्धारण करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले संस्करण की सफलता के बाद इस बार व्यावहारिक और प्रभावकारी तकनीकी समाधानों पर जोर दिया गया है।
वहीं, क्रेडाई यूथ विंग के ईस्ट इंडिया संयोजक सुहेल सराफ और सुगम के प्रबंध निदेशक ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कोलकाता प्रोपटेक नवाचार के केंद्र के रूप में उभर रहा है और टेककॉन ने उद्योग को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के सह-अध्यक्ष रचित सांघवी ने कहा कि इस वर्ष का मुख्य विषय ‘एआई और रियल एस्टेट’ था और विशेषज्ञों की पैनल चर्चा ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। क्रेडाई कोलकाता पारदर्शिता, व्यावसायिकता और जिम्मेदार शहरी विकास को बढ़ावा देता रहा है।










