कोलकाता: वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की ४८७वीं जयंती के अवसर पर आगामी १७ जून को कोलकाता में भव्य श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान परिषद और अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस समारोह के तहत कोलकाता के विभिन्न स्थानों पर स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार महाराणा प्रताप की जयंती ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया, विक्रम संवत २०८३ के अनुसार १७ जून, २०२६ बुधवार को मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोग, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा
कार्यक्रम की शुरुआत उस दिन सुबह सात बजे शेक्सपियर सरणी स्थित महाराणा प्रताप उद्यान में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके तुरंत बाद, सुबह ८ बजे सेंट्रल मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित त्रिकोणिया पार्क की विशाल मूर्ति के पास विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर चित्तरंजन एवेन्यू और महाराणा प्रताप सरणी यानी इंडिया एक्सचेंज प्लेस क्रॉसिंग स्थित प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम तय किया गया है।
आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
राजस्थान परिषद के महासचिव अरुण प्रकाश मल्लावत ने समाज के लोगों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, त्याग, स्वाभिमान एवं राष्ट्रनिष्ठा का अद्वितीय उदाहरण है और उनके आदर्श आज भी देशवासियों को निरंतर प्रेरणा देते हैं। आयोजक समिति ने सभी नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर राष्ट्र के गौरव महाराणा प्रताप के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करने और उनके गौरवशाली जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है।








