कोलकाता: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘विजन २०२८’ के तहत अंडर-१६ और अंडर-१९ टीमों का प्रशिक्षण शिविर आज से ईडन गार्डन्स के इंडोर हॉल में विधिवत रूप से शुरू हो गया है। बंगाल के क्रिकेट को भविष्य में नई ऊंचाइयों पर ले जाने और युवा प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया गया है।
युवा क्रिकेटरों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए बंगाल क्रिकेट के दिग्गज मैदान में उतरे हैं। इस परियोजना के मुख्य कोच एवं पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री तथा पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा के विशेष नेतृत्व में खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके साथ स्पिन गेंदबाजी कोच उत्पल चटर्जी, बंगाल अंडर-16 के कोच अनुस्तूप मजुमदार और अन्य सहायक कोच भी खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए मैदान पर विशेष सहयोग दे रहे हैं।
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा वर्तमान में न केवल खेल क्षेत्र में बल्कि राजनीतिक रूप से पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री के रूप में भी सक्रिय हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से इस कैंप की भव्य शुरुआत होने की जानकारी देते हुए बंगाल के युवा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











