सिक्किम की “मेरो रूख, मेरो सन्तति” योजना की सराहना की
गंगटोक: भारत सरकार की सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे बुधवार सुबह बुलबुले स्थित स्मृति वन में आयोजित देशव्यापी पर्यावरणीय अभियान “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम में शामिल हुईं। वह दो दिवसीय दौरे पर कल सिक्किम पहुंची हैं।
राजधानी के निकट बुलबुले स्थित स्मृति वन में केंद्रीय राज्य मंत्री का राज्य वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मृति वन में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा रोपा। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी मां के सम्मान में पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर बोलते हुए राज्य मंत्री करंदलाजे ने सिक्किम सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा संचालित सामुदायिक भागीदारी आधारित वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रशंसा की। विशेष रूप से उन्होंने “मेरो रूख, मेरो सन्तति” (मेरा पेड़, मेरी संतान) योजना की सराहना की, जिसके तहत प्रत्येक नवजात शिशु के नाम पर १०८ पेड़ लगाए जाते हैं और उनके भविष्य के लिए वित्तीय संचय (फिक्स्ड डिपॉजिट) की व्यवस्था की जाती है।
उन्होंने इस योजना को एक दूरदर्शी अवधारणा बताते हुए कहा कि बच्चों के विकास और पेड़ों की वृद्धि को खूबसूरती से जोड़ने से कम उम्र से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी। राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष २०२३ में योजना की शुरुआत के बाद से अब तक लगभग १० हजार बच्चे इस योजना के तहत पंजीकृत हो चुके हैं और राज्य भर में १० लाख से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं। उन्होंने इस सफल कार्यान्वयन के लिए सिक्किम सरकार और वन एवं पर्यावरण विभाग को बधाई दी। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार शुरू किए गए देशव्यापी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से अपनी मां के सम्मान में एक पेड़ लगाने और भावी पीढ़ी के लिए एक हरित एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान बोजोघारी के बालक तेनजिंग नाम्से भूटिया और उनकी माता सोनम ल्हामु भूटिया भी “मेरो रूख, मेरो सन्तति” योजना के तहत शामिल हुए। इस अवसर पर बच्चे को योजना के तहत पासबुक सौंपी गई, जो बच्चों के भविष्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस कार्यक्रम में वन विभाग की सीएफ (टी) सोनम छोडेन भूटिया, डीएफओ गंगटोक क्षितिज सक्सेना, आरओ गंगटोक आशीष गुरुड़, आरओ गंगटोक विनोद छेत्री, सिक्किम भाजपा अध्यक्ष डीआर थापा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।










