नई दिल्ली: संसदीय एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने शुक्रवार को दिल्ली में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान केंद्रीय मंत्री ने दलाई लामा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
आध्यात्मिक गुरु से मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए किरेन रीजीजू ने लिखा, “मैंने दिल्ली में परम पावन दलाई लामा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्हें अच्छे मूड में देखकर और हाल ही में हुए घुटने के ऑपरेशन से तेजी से उबरते हुए देखकर मुझे बेहद खुशी हुई।”
उन्होंने आगे कहा कि मैंने परम पावन का आशीर्वाद लिया। हमेशा की तरह, मैं उनकी करुणा, बुद्धिमत्ता और विनम्रता से गहराई से प्रेरित होकर लौटा हूँ। उल्लेखनीय है कि दलाई लामा ने गत ०८ जून को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अपने बाएं घुटने की सर्जरी कराई थी, जो पूरी तरह सफल रही थी।











