सिलीगुड़ी: केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे के सिलसिले में रविवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचे।
हवाई अड्डे पर अतिरिक्त सचिव सह प्रोटोकॉल अधिकारी शर्मिष्ठा प्रधान और उप सचिव टेम्पो ताशी भूटिया के नेतृत्व वाले एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह में प्रोटोकॉल अनुभाग के अधिकारी, मुख्य संपर्क अधिकारी गोपाल पाठक, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा (एएच एंड वीएस) के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पेम छिरिंग भूटिया व नितेश गुरुंग, मत्स्य विभाग के उप निदेशक हेमंत कुमार, भारत सरकार के मत्स्य विभाग के वरिष्ठ कार्यकारी डॉ. एएल राय, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. प्रतीक शर्मा तथा संयुक्त निदेशक सह एसएलडीबी के सीईओ उपस्थित थे।
१ से ३ नवंबर तक चलने वाले इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार, वे २ नवंबर को मंगन जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, ‘सिरी’ बैल प्रदर्शनी, मत्स्य सहकारी समितियों का निरीक्षण करेंगे तथा मंगन स्थित जिला प्रशासनिक केंद्र (डीएसी) में एक समीक्षा बैठक लेंगे। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री गंगटोक स्थित सिक्किम सहकारी दूध उत्पादक संघ लिमिटेड (एसएमयूपीपी) में डेयरी सहकारी पहलों का शुभारंभ भी करेंगे।





