ओमान के पास तेल टैंकर में लगी आग, २४ भारतीय नाविक फंसे; सभी सुरक्षित, राहत कार्य जारी

IMG-20260608-WA0115

​मस्कट/नई दिल्ली: ओमान के तट के पास सोमवार को एक विदेशी तेल टैंकर ‘मैरिवेक्स’ में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। राहत की बात यह है कि जहाज पर सवार सभी २४ भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। मेडागास्कर के झंडे वाला यह टैंकर हादसे के वक्त खाली था और किसी प्रकार का कार्गो नहीं ले जा रहा था।
​मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी साझा की है। दूतावास ने बताया कि भारतीय नाविकों से जुड़े इस संवेदनशील मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए ओमान प्रशासन के साथ उच्च स्तरीय संपर्क बनाए रखा गया है।
​मिली जानकारी के अनुसार, मैरिवेक्स टैंकर भारत के कर्नाटक स्थित कारवार बंदरगाह से ओमान के डुक्म बंदरगाह की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब १:३० बजे जहाज में आग लग गई। हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
​शिपिंग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने नाविकों की सुरक्षा की पुष्टि करते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय, भारतीय नौसेना, रक्षा मंत्रालय और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के साथ लगातार तालमेल बिठाया जा रहा है।
​उन्होंने यह भी बताया कि महानिदेशालय शिपिंग के प्रयासों से अब तक ३,५०६ भारतीय नाविकों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित की जा चुकी है, जिनमें पिछले ९६ घंटों में रेस्क्यू किए गए ३२ नाविक भी शामिल हैं। फिलहाल, ओमान प्रशासन और भारतीय एजेंसियां अलर्ट पर हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

About Author

Advertisement