नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हीरो मोटोकॉर्प की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल को देश के लिए समर्पित किया। इस ऐतिहासिक पहल की सराहना करते हुए मंत्री गडकरी ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, आत्मनिर्भर और टिकाऊ परिवहन के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक बड़ी छलांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दुनिया का सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार होने के नाते भारत आने वाले दिनों में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को अपनाने में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभाएगा।
इस नई तकनीक के प्रयोग से पर्यावरण में हानिकारक कार्बन मोनोऑक्साइड के उत्सर्जन में ७७ प्रतिशत तक की कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण में बड़ी मदद मिलेगी। मंत्री गडकरी ने बताया कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने से देश की पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम होगी, जिससे भारत को लगभग १.४४ लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत होगी। इसके साथ ही जैव ईंधन (बायोफ्यूल) की मांग बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, किसानों की आय में सुधार होगा और कचरे से कंचन बनाने यानी ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को भी बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि इस क्रांतिकारी कदम से देश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश के आर्थिक विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने हीरो मोटोकॉर्प की इस फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल के लॉन्च को ऑटोमोबाइल क्षेत्र, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि यह सफलता सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक और समन्वित प्रयासों का परिणाम है।









