एस्टन विला बना यूईएफए यूरोपा लीग चैंपियन

IMG-20260521-WA0049

​नई दिल्ली: इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब एस्टन विला ने ३० साल का खिताबी सूखा समाप्त करते हुए यूरोपा लीग फुटबॉल में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस्तांबुल के बेसिंक्तास पार्क में बुधवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में जर्मन क्लब फ्राइबर्ग को ३-० से पराजित कर एस्टन विला ने दूसरा सबसे बड़ा यूरोपियन खिताब अपने नाम किया। इससे पहले विला ने १९९६ में फुटबॉल लीग कप का खिताब जीता था। वहीं, टीम ने ४४ साल बाद कोई यूरोपियन प्रतियोगिता जीती है। टीम ने इससे पहले १९८२ में यूरोपियन कप जीता था।
​मैच में ४८ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलते हुए एस्टन विला ने पहले हाफ में ही दो गोल दागकर खेल को अपने पक्ष में कर लिया था। ४१वें मिनट में यूरी टिलेमैन्स ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पहले हाफ के इंजरी टाइम में एमिलियानो ब्यूनेंदिया ने शानदार गोल करते हुए बढ़त को दोगुना कर दिया। दूसरे हाफ के 58वें मिनट में मॉर्गन रोजर्स ने एक और गोल दागकर एस्टन विला की जीत सुनिश्चित कर दी।
​पूरे मैच के दौरान एस्टन विला ने अपना दबदबा बनाए रखा। अमादू ओनाना का एक शॉट पोस्ट से टकरा गया, जबकि ब्यूनेंदिया ने भी एक अवसर गंवाया। मुख्य कोच उनाई एमेरी के लिए यह पांचवां यूरोपा लीग खिताब है। नवंबर २०२२ में उनके कार्यभार संभालने के बाद से एस्टन विला के प्रदर्शन में बड़ा सुधार देखने को मिला है।

About Author

Advertisement