हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में २० सदस्यीय दल का चयन
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने १९ सितंबर से ४ अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले २०वें एशियाई खेलों के लिए २० सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार स्टार डिफेंडर और ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कमान संभालेंगे, जबकि अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टीम के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ियों में शामिल होंगे। चयनकर्ताओं द्वारा घोषित इस टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच एक बेहतरीन संतुलन देखने को मिल रहा है।
टीम में गोलकीपिंग का जिम्मा मोहित एचएस और सूरज करकेरा को सौंपा गया है। वहीं रक्षापंक्ति (डिफेंस) में जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच को जगह मिली है। मिडफील्ड में राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा और विवेक सागर प्रसाद अपनी भूमिका निभाएंगे। फॉरवर्ड लाइन में चयनकर्ताओं ने दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक पर अपना भरोसा जताया है।
एशियाई खेलों में भारत को पूल ‘ए’ में मेजबान जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले जापान के काकामिगाहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को सीधे २०२८ के लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट हासिल होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत २० सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ मैच से करेगी। इसके बाद टीम २२ सितंबर को श्रीलंका, २४ सितंबर को दक्षिण कोरिया, २६ सितंबर को जापान और २८ सितंबर को बांग्लादेश के विरुद्ध मैदान में उतरेगी।








