सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय(एनबीयू)के रजत जयंती वर्ष के समापन समारोह के अवसर पर केंद्रीय शिक्षा एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने अपने पुराने वनस्पति विज्ञान (बॉटनी) विभाग का विशेष दौरा किया। अपने पुराने विभाग में पहुंचते ही केंद्रीय मंत्री मजूमदार भावुक नजर आए। उन्होंने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए शिक्षकों और छात्रों के साथ पुरानी यादें साझा कीं। इस दौरान उनके साथ राज्य के पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष भी मौजूद रहे, जो स्वयं इसी वनस्पति विज्ञान विभाग के पूर्व छात्र रहे हैं। दोनों मंत्रियों ने अपने पुराने अध्ययन केंद्र में पहुंचकर खुशी जताई।इस दौरे को यादगार बनाते हुए केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने विभाग परिसर में पौधा रोपा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री मजूमदार ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से जारी प्रशासनिक अव्यवस्था और नेतृत्व की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “विश्वविद्यालय में नेतृत्व के अभाव और इसे दूर करने के संभावित उपायों को लेकर प्रधान सचिव, राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री तथा स्थानीय विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय की सभी समस्याओं का शीघ्र अति शीघ्र समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।





